ओल्ड एज होम में वृद्धजनों के सम्मान में स्नेह भोज, समिति ने दिया सेवा का संदेश
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस समिति ने बुजुर्गों के साथ बिताया समय, भोजन परोसकर सम्मान और अपनत्व का भाव किया व्यक्त

धनबाद I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस समिति, श्याम नगर भूली, धनबाद के तत्वावधान में रविवार को सबलपुर स्थित ओल्ड एज होम में रह रहे वृद्धजनों के सम्मान में स्नेह भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से समय बिताया, उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा तथा प्रेम, सम्मान और अपनत्व का भाव प्रकट करते हुए उनके सुख-दुःख को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों के माध्यम से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आशीर्वाद और चेहरे पर आई संतोषभरी मुस्कान ही इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

समिति ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक, मानवीय एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राकेश कांति विश्वास के नेतृत्व में नील कमल खवास, प्रदीप श्रीवास्तव, सुमेश साव, कोमल देवी, संदीप साव, सोनू, पूर्णिमा विश्वास, अंकिता विश्वास, मंजू देवी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मानित किया और समाज को सेवा एवं मानवीय संवेदनाओं का सकारात्मक संदेश दिया।













