चिरकुंडा में डीवीसी कार्य से सड़क और स्ट्रीट लाइट क्षतिग्रस्त, अध्यक्ष ने उठाए सवाल
सरबजीत सिंह

चिरकुंडा:- चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन, चढ़ाई से सुंदर नगर जाने वाली सड़क के किनारे डीवीसी द्वारा 11 केवी लाइन बिछाने के कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इस कार्य के दौरान नगर परिषद की सड़क और स्ट्रीट लाइट की तारें क्षतिग्रस्त कर दी गई हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि डीवीसी को कार्य के दौरान जहां भी नुकसान हुआ है, उसे पहले दुरुस्त करना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का कोई भी कार्य नगर परिषद की अनुमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना अनुमति के कार्य जारी रहा और उसमें नगर परिषद के किसी अधिकारी की संलिप्तता पाई गई, तो उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।
वहीं कार्य कर रही कंपनी के प्रतिनिधि राहुल कुमार ने बताया कि डीवीसी द्वारा यह लाइन नगर परिषद क्षेत्र में स्थित शवदाह गृह तक ले जाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शवदाह गृह से लाइंस क्लब तक केबल बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और केवल कुछ दूरी का काम बाकी है।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर परिषद की आपत्ति के कारण फिलहाल काम रोक दिया गया है। आपसी बातचीत के बाद ही आगे का कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्तर से अलग-अलग निर्देश मिलने के कारण कार्य में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।












