Advertisement
क्राइम-भ्रष्टाचार

निरसा में अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती, चार संदिग्ध कोयला वाहन जब्त

सरबजीत सिंह

धनबाद-निरसा:- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) निरसा रजत माणिक बाखला ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में अवैध आर्थिक गतिविधियों—जैसे कोयला, बालू, लॉटरी और अन्य गैरकानूनी कारोबार—पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों में कांड दर्ज कर उद्भेदन भी किया गया है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि अवैध मुहानों की भराई और अवैध वाहनों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में विधायक अरूप चटर्जी की अपील पर पुलिस, विधायक और उनके समर्थकों के साथ संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान मालवाहक वाहनों को रोका गया, जिसमें कोयला लदे चार वाहनों पर संदेह होने पर उन्हें जब्त कर संबंधित थानों में लाया गया। इनमें दो वाहन निरसा थाना, एक चिरकुंडा थाना और एक मैथन ओपी में रखा गया है। सभी वाहनों के कागजातों की जांच की जा रही है, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पुलिस को सफलता भी मिल रही है। वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देश में की जा रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुराने आपराधिक मामलों में करीब 70 प्रतिशत तक निष्पादन किया जा चुका है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उस पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

प्रेस वार्ता में निरसा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और रीडर जे.पी. वर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}