
निरसा:- जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागोड़िया (निरसा) में कथित लापरवाही के कारण एक छात्र की डूबने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कड़ी धूप के दौरान विद्यालय से कई छात्र बाहर घूमने निकल गए और पास के गिरवा पहाड़ क्षेत्र स्थित तालाब तक पहुंच गए। इसी दौरान एक छात्र नहाने या हाथ-पैर धोने के क्रम में तालाब में डूब गया।
बताया जा रहा है कि घटना के लगभग एक से डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन कर छात्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद अन्य छात्र वहां से भाग गए।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उनका कहना है कि स्कूल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद छात्रों का बाहर निकलना कई सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल के लिए विद्यालय भेजते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।
फिलहाल, इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और छात्र को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।












