नवोदय विद्यालय हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने किया निरीक्षण और दिए अहम निर्देश
सरबजीत सिंह

धनबाद-निरसा:- निरसा प्रखंड अंतर्गत बेनागोड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे तालाब में डूबने से एक छात्र की मौत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। घटना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार और अंचल अधिकारी विक्रम आनंद ने विद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्राचार्य ऊषा कुजूर, शिक्षकों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बैठक कर घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ इंद्रलाल ओहदार ने कहा कि विद्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी स्कूल को परिवार की तरह समझकर कार्य करें, क्योंकि अभिभावक अपने बच्चों को उनकी जिम्मेदारी में सौंपते हैं। उन्होंने बच्चों के साथ बेहतर समन्वय बनाने और उनकी समस्याओं को समझने पर जोर दिया।
वहीं प्राचार्य ऊषा कुजूर ने भी अभिभावकों से अपील की कि वे समय-समय पर अपने बच्चों से मिलते रहें और उनसे संवाद बनाए रखें, ताकि बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
अधिकारियों ने जूनियर और सीनियर छात्रों से भी बातचीत की और उन्हें अनुशासन, शिक्षा और जिम्मेदारी का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सीनियर छात्र अपने व्यवहार से उदाहरण पेश करें, ताकि जूनियर छात्र भी उनसे सीख सकें।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्कूल परिसर में रहकर वे बेहतर शिक्षा प्राप्त करें और अपने जीवन को सफल बनाएं।
इस निरीक्षण के बाद विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और छात्र सभी काफी प्रभावित नजर आए।












