चिरकुंडा में होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी पर बवाल, अध्यक्ष ने सरकार से लगाई रोक की मांग
सरबजीत सिंह

चिरकुंडा:- चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स की लगातार बढ़ोतरी को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने अपने कार्यालय कक्ष में उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के साथ आपात बैठक की।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष ने कहा कि टैक्स बढ़ोतरी से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं और इसका विरोध लगातार तेज हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में होल्डिंग टैक्स लगभग दोगुना कर दिया गया था, जिसके बाद 2024-25 में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई और अब 2026-27 में फिर से करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस लगातार वृद्धि से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है, जिसे देखते हुए नगर परिषद की ओर से झारखंड सरकार से टैक्स बढ़ोतरी पर रोक लगाने का आग्रह किया जा रहा है।
सुनीता देवी ने निरसा विधानसभा के विधायक अरुण चटर्जी से भी अपील की कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएं, ताकि जनता को राहत मिल सके।
बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे और इस मुद्दे पर सामूहिक रूप से चिंता व्यक्त की गई।












