सड़क दुर्घटना में घायल कोलियरी मजदूर को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कराया
राकोमयू के प्रतिनिधिमंडल ने सांकतोड़िया अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, शशि भूषण तिवारी के नेतृत्व में हुई पहल

कुमारधुबी- सांकतोड़िया। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : ईसीएल मुगमा क्षेत्र की कुमारधुबी कोलियरी में कार्यरत जनरल मजदूर अफसर खान के बेहतर इलाज के लिए राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (राकोमयू) ने पहल की है। यूनियन के ईसीएल रीजनल कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सांकतोड़िया अस्पताल पहुंचा। यहां घायल मजदूर का हालचाल जानने के साथ चिकित्सकों से बातचीत कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर स्थित हेल्थ वर्ल्ड अस्पताल रेफर कराया गया।
जानकारी के अनुसार, अफसर खान 8 नवंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद से वे पिछले 12 दिनों से सांकतोड़िया अस्पताल में इलाजरत थे। अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजनों ने कुमारधुबी कोलियरी के राकोमयू सचिव बिजेंद्र शर्मा से संपर्क कर बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजेंद्र शर्मा ने इसकी जानकारी यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी को दी। इसके बाद उनके नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल तत्काल सांकतोड़िया अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने अफसर खान और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से वार्ता कर रेफर की प्रक्रिया पूरी कराई गई, ताकि घायल मजदूर को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्हें आगे के इलाज के लिए दुर्गापुर स्थित हेल्थ वर्ल्ड अस्पताल भेजा गया।
इस प्रतिनिधिमंडल में कुमारधुबी कोलियरी के सचिव बिजेंद्र शर्मा, अजय कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, निताई चक्रवर्ती, शिव शंकर दास, ईश्वर हांसदा, मोकिम अंसारी, अरविंद घोष सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।













