Advertisement
झारखण्ड

वाहर नवोदय विद्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण,

भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास, स्वच्छता, सीसीटीवी व्यवस्था और शैक्षणिक स्तर का लिया जायजा; विद्यार्थियों से संवाद कर बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित

धनबाद I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने शुक्रवार को निरसा प्रखंड स्थित बेनागोड़िया के जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही आवासीय सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, छात्रावास, भोजनालय तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

उपायुक्त ने शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन का स्तर निरंतर बेहतर बनाया जाए तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए समर्पित वातावरण तैयार करने पर भी बल दिया।

उन्होंने छात्रावासों एवं पूरे विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल, नियमित विद्युत आपूर्ति, शौचालयों की बेहतर व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस विषय में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल मॉनिटर तथा सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की और रिकॉर्ड से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया।

उपायुक्त ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवासीय सुविधाओं एवं दैनिक व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन कर जीवन में ऊंचे लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि कठिन परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, निरसा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}