
कुड़ू-लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम ब्राउन शुगर (स्टोन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुड़ू थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को 14 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-लोहरदगा मुख्य मार्ग से ब्राउन शुगर की खेप खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चंदवा-लोहरदगा रोड स्थित मानती पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 25 ग्राम ब्राउन शुगर (स्टोन) बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ में मार्क-A के 17 ग्राम तथा मार्क-B के 8 ग्राम ब्राउन शुगर शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षत कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय अजय प्रसाद तथा रोहित कुमार (24 वर्ष), पिता अरुण मिस्त्री, दोनों निवासी ग्राम चंदवा, थाना चंदवा, जिला लातेहार के रूप में हुई है।
इस संबंध में कुड़ू थाना कांड संख्या 65/26 दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
- श्रद्धा केरकेट्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लोहरदगा
- अजीत कुमार, थाना प्रभारी, कुड़ू थाना
- सुजीत होरो, पुलिस पिकेट प्रभारी, चांपी
- जेनी सुधा तिग्गा, कुड़ू थाना
- कुड़ू थाना के अन्य पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल












