Advertisement
राजनीति

रोजगार और मजदूर अधिकारों के सवाल पर भाकपा माले का अभियान तेज

सरबजीत सिंह

धनबाद-कलियासोल: ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और मनरेगा श्रमिकों के रोजगार संबंधी मुद्दों को लेकर भाकपा माले की निरसा विधानसभा स्तरीय जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कलियासोल स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं धनबाद लोकसभा प्रभारी कॉमरेड जनार्दन प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता और संचालन कॉमरेड हरेंद्र सिंह ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए कॉमरेड जनार्दन प्रसाद ने कहा कि हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के चुनावों ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सहित कई महत्वपूर्ण संस्थाओं पर सत्तारूढ़ दल का प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण लोकतांत्रिक मूल्यों को चुनौती मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में भी बुलडोजर राजनीति और दमनात्मक नीतियों को बढ़ावा देने की कोशिशें हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में पार्टी को अपने संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ ग्रामीण गरीबों, मनरेगा मजदूरों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के बीच सक्रिय रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा का सदस्यता अभियान 15 जून से 15 जुलाई तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा।

कॉमरेड प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निरसा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाएं और रोजगार, मजदूरी, मनरेगा कार्यों की उपलब्धता तथा श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जन आंदोलन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट के खिलाफ संगठित संघर्ष ही मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान कर सकता है।

बैठक में विभिन्न प्रखंडों के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे तथा आगामी अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क बढ़ाने, मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में कलियासोल प्रखंड सचिव कॉमरेड स्वप्न गोराई, निरसा प्रखंड सचिव कॉमरेड टुनटुन मुखर्जी, एगारकुंड प्रखंड सचिव कॉमरेड बादल चंद्र बाउरी, चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र संयोजक कॉमरेड श्रीकांत सिंह सहित हरेंद्र सिंह, नागेंद्र कुमार, बी.के. सिंह, संतू चटर्जी, कृष्णा सिंह, गोपाल दास, मन्नू सिंह, विनय सिंह, नमिता महतो, रोशन मिश्रा, अमरेश चक्रवर्ती, सुरेश दास, भीम गोराई, सोहन किस्कू एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी सदस्यता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर मजदूरों और गरीब तबकों को संगठित किया जाएगा तथा रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}