निरसा के तालडांगा में 15 मई को होगा भव्य नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट, झारखंड-बंगाल की 32 टीमें लेंगी हिस्सा
सरबजीत सिंह

निरसा-चिरकुंडा:- तालडांगा स्थित लॉर्ड्स क्लब द्वारा आगामी 15 मई को लॉर्ड्स ग्राउंड में भव्य शॉट पिच नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस रोमांचक टूर्नामेंट में झारखंड और पश्चिम बंगाल की कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी। रात में खेले जाने वाले इस क्रिकेट मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
टूर्नामेंट का प्रवेश शुल्क मात्र 1 रुपया रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का आनंद ले सकें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के वरीय पुलिस पदाधिकारी प्रभात कुमार मौजूद रहेंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला पुलिस टीम और पत्रकार टीम के बीच खेला जाएगा, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। इनमें पप्पू गुप्ता, बॉबी खन्ना, अरुण कुमार, रणजीत मिश्रा (बाबा), मैथन सिरामिक लिमिटेड और होटल केसरिया चिरकुंडा सहित कई लोगों का सहयोग शामिल है।
टूर्नामेंट के प्रारूप की बात करें तो पहला राउंड 4-4 ओवर का होगा, जबकि दूसरा राउंड 5 ओवर का खेला जाएगा। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 6-6 ओवर के होंगे। हर मैच में “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा “मैन ऑफ द सीरीज”, “बेस्ट अंपायर”, “बेस्ट स्कोर”, “बेस्ट फील्डर” और “बेस्ट अनुशासित टीम” जैसे विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
विजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 7 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर कर खेल के प्रति प्रेरित करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को सही दिशा दे सकें। अब देखना दिलचस्प होगा कि तालडांगा का लॉर्ड्स क्लब इस बार किस टीम की जीत का गवाह बनता है।
इस प्रेस वार्ता में क्लब के चेयरमैन समामा औसाल, प्रोफेसर अरुण कुमार, सुबीर चटर्जी, बॉबी खन्ना, फिरोज अंसारी, जाहिद इस्लाम, रणजीत मिश्रा और दीपांकर कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।












