Advertisement
धर्म संस्कृति

भारत के राष्ट्रपति ने भोपाल में 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म धम्म सम्मेलन का उद्घाटन किया।

हमारी परंपरा में कहा गया है, "धर्यते अनेन इति धर्मः" - जो धारण करे वही धर्म है- राष्ट्रपति ने कहा

Bhopal : भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज (3 मार्च, 2023) भोपाल में सांची बौद्ध-भारतीय अध्ययन विश्वविद्यालय के सहयोग से इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म धम्म सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय आध्यात्मिकता के महान बरगद के पेड़ की जड़ें भारत में हैं और इसकी शाखाएं और लताएं पूरे विश्व में फैली हुई हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि विद्वानों के लिए दर्शन की अलग-अलग शाखाएँ हैं। लेकिन दुनिया के रहस्यवादी एक ही भाषा बोलते हैं। जब सिद्ध आत्माओं ने दयालु शिक्षक या गुरु बनने का फैसला किया, तो उनकी परंपराएं अस्तित्व में आईं। ऐसी कई परंपराएं भारत में उत्पन्न हुई हैं और दुनिया भर में फल-फूल रही हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि धर्म-धम्म की अवधारणा भारतीय चेतना की मूल आवाज रही है। हमारी परंपरा में कहा गया है, “धर्यते अनेन इति धर्मः” – जो धारण करे वही धर्म है। धर्म की नींव के पत्थर पर पूरी मानवता टिकी हुई है। मित्रता, करुणा और अहिंसा की भावना के साथ-साथ राग और द्वेष से मुक्त व्यक्तियों और समाज की प्रगति, पूर्वी मानवतावाद का मुख्य संदेश रहा है। नैतिकता पर आधारित व्यक्तिगत आचरण और सामाजिक व्यवस्था पूर्वी मानवतावाद का व्यावहारिक रूप है। नैतिकता पर आधारित ऐसी व्यवस्था को बनाए रखना और उसे मजबूत करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य माना गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्वी मानवतावाद ब्रह्मांड को एक नैतिक मंच के रूप में देखता है न कि भौतिक युद्ध के मैदान के रूप में। इस नैतिक व्यवस्था के निर्माण और उसे बनाए रखने में, प्रत्येक व्यक्ति को कर्म-उन्मुख होना चाहिए और भाग्य के भरोसे नहीं रहना चाहिए। पूर्वी मानवतावाद का मानना ​​है कि अंधे आवेगों से व्यक्तिगत झगड़े और यहां तक ​​कि देशों के बीच युद्ध भी होते हैं। जब भारत वैश्विक मंच पर घोषणा करता है कि पूरी दुनिया एक परिवार है, “वसुधैव कुटुम्बकम”, तो यह पूर्वी मानवतावाद के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की घोषणा करता है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हमारे देश की परंपरा, सामाजिक व्यवस्था और राजनीतिक गतिविधियों में अनादिकाल से धर्म का केन्द्रीय स्थान रहा है। आजादी के बाद हमने जो लोकतांत्रिक व्यवस्था अपनाई, उस पर धर्म-धम्म का गहरा असर साफ दिखाई दे रहा है। हमारा राष्ट्रीय चिन्ह सारनाथ के अशोक स्तंभ से लिया गया है। हमारे राष्ट्रीय ध्वज में धर्मचक्र सुशोभित है। महात्मा गांधी ने अपने मूल्यों और कार्यों के माध्यम से भगवान बुद्ध की अहिंसा और करुणा का संदेश फैलाया। राष्ट्रपति ने कहा कि मनुष्य के दुख के कारण को जानना और उस दुख से मुक्ति का उपाय बताना पूर्वी मानवतावाद की विशेषता है, जो आज के युग में और भी महत्वपूर्ण हो गया है। धर्म-धम्म की हमारी परंपरा में सबके कल्याण की प्रार्थना हमारे जीवन का अंग रही है। यह पूर्वी मानवतावाद का सार है।

Resource : PIB

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}