जमुई में वित्तीय जागरूकता अभियान, 4 मेधावी छात्रों को ₹10 हजार छात्रवृत्ति
संपादकीय

जमुई: क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड (ग्रामीण कूटा) द्वारा शनिवार को जमुई स्थित सगुन वाटिका में सामाजिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से लगभग 300 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने बेहतर क्रेडिट स्कोर बनाए रखने, आवश्यकता से अधिक ऋण लेने से बचने तथा साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों—मानसी कुमारी, रिचा कुमारी, प्रियांशु कुमारी एवं रिशु रंजन—को प्रोत्साहन स्वरूप ₹10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जमुई के साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन तथा समय पर ऋण चुकाने के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए संस्था एवं उसके कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह एवं एरिया मैनेजर विकास कुमार ने की। इस अवसर पर जोनल मैनेजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड (ग्रामीण कूटा) एक माइक्रोफाइनेंस संस्था है, जो महिलाओं के स्वयं सहायता समूह बनाकर उन्हें स्वरोजगार एवं व्यवसाय के लिए प्रशिक्षण प्रदान करती है तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ऋण उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि संस्था केवल वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि सदस्यों के सुख-दुख में भी सहभागी बनती है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक विकास कार्यक्रम के तहत संस्था समय-समय पर बाढ़ राहत सामग्री का वितरण, विद्यालयों में छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए कुर्सियों का वितरण तथा स्वास्थ्य केंद्रों में बेड उपलब्ध कराने जैसे जनहितकारी कार्य भी करती रहती है।
इस अवसर पर एरिया मैनेजर विकास कुमार, ब्रांच मैनेजर नीतीश कुमार, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, पिंटू कुमार, सचिन कुमार, विक्की कुमार, जमुई थाना के सब-इंस्पेक्टर रामनारायण यादव, लक्ष्मीपुर चिंवेरिया के वार्ड पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सरयुग कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







