Advertisement
झारखण्ड

मुहर्रम को लेकर धनबाद प्रशासन सख्त,

सरबजीत सिंह

धनबाद: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया तथा पर्व के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका हो तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने युवाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का आह्वान किया।

उपद्रवियों को एसएसपी की सख्त चेतावनी

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बैठक में कहा कि किसी भी प्रकार के उपद्रव या अशांति की सूचना प्रशासन को पहले से उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने और स्थानीय स्तर पर शांति बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया।

एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क रहेगा और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

जनप्रतिनिधियों ने की शांतिपूर्ण आयोजन की अपील

बैठक में उपस्थित टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने सभी समुदायों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।

शांति समिति ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

प्रमुख सुझावों में शामिल हैं:

  • जुलूसों में डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए।
  • खतरनाक करतब एवं जोखिमपूर्ण खेलों का प्रदर्शन नहीं किया जाए।
  • जुलूस मार्गों पर भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाई जाए।
  • पर्व को सादगी और अनुशासन के साथ मनाया जाए।
  • बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए।
  • अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए।
  • स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
  • पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखा जाए।

बैठक में रामगोपाल भुवानिया, राणा चट्टराज, विजय शर्मा, तेज प्रकाश पांडेय, गुरमीत सिंह डांग, मोहम्मद अफजल खान, तारा पदो धीवर, शैलेश कुमार, भोला राम, पिंटू कुमार तुरी, मेराज खान, कुलदीप कुमार अग्रवाल, मोहम्मद शहाबुद्दीन, नागेंद्र कुमार सिंह, एजाज अहमद, बलराम प्रसाद साव, मुन्ना सिद्दीकी और डी.एन. प्रसाद यादव सहित कई सदस्यों ने अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, एसडीपीओ बाघमारा अजीत विमल, एसडीपीओ सिंदरी चंदन प्रकाश महतो, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, एसडीपीओ निरसा लीलेश्वर महतो तथा डीसीपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक के अंत में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, अखाड़ा समितियों और शांति समिति के सदस्यों से सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि धनबाद की सामाजिक एकता और पारंपरिक भाईचारे की भावना के अनुरूप इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}