
धनबाद: भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को बैंक मोड़ स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चरणों में पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश की संस्कृति और आदिवासी अस्मिता के महान संरक्षक थे। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समाज को जागरूक किया तथा लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने पारंपरिक भूमि अधिकारों, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्थाओं की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ अदम्य साहस और संघर्ष का परिचय दिया।

उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज भी समाज को प्रकृति संरक्षण, सामाजिक न्याय और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में शहीद बिरसा मुंडा स्मारक स्मृति संचालन समिति के संयोजक महादेव हांसदा, नारायण महतो, अवध पासवान, किशोर मुर्मू, राम बाबू कुमार, जितेंद्र कुमार पासवान, रति उरांव, सुनील कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












