निरसा में भाकपा माले की बैठक: एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण में पारदर्शिता और स्थानीय रोजगार की उठी मांग
सरबजीत सिंह

निरसा: भाकपा (माले) की निरसा विधानसभा स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को निरसा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य एवं धनबाद लोकसभा प्रभारी कॉमरेड जनार्दन प्रसाद तथा केंद्रीय सदस्य एवं निरसा विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन संयोजक कॉमरेड आगम राम ने किया।
बैठक में 15 जुलाई को निरसा एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं, ठेकेदार और धनबाद सांसद के बीच कथित गठजोड़ तथा मनमानी के विरोध में आयोजित प्रतिरोध मार्च एवं सभा की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर निरसा विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी ने कहा कि एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) सार्वजनिक की जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की शर्तों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों की अनदेखी की गई तो निरसा की जनता अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड जनार्दन प्रसाद ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हटाया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर आघात है। उन्होंने यह भी कहा कि जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कॉमरेड नेहा सहित कई छात्र-युवा आज भी आमरण अनशन पर बैठे हैं।

उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के विरोध में 20 जुलाई को विभिन्न लोकतांत्रिक संगठनों द्वारा संसद घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। साथ ही झारखंड के जिला एवं प्रखंड स्तर पर जनजागरण अभियान चलाकर लोकतांत्रिक अधिकारों और जनसरोकारों के मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय भी लिए गए। तय किया गया कि 20 जुलाई 2026 को निरसा प्रखंड कार्यालय परिसर में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 21 जुलाई को वरिष्ठ वामपंथी नेता कॉमरेड ए.के. राय की पुण्यतिथि प्रखंड स्तर पर श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी, जबकि 22 जुलाई को धनबाद के विकास से जुड़े मुद्दों पर आयोजित कार्यक्रम में निरसा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।
बैठक में एग्यारकुंड प्रखंड सचिव बादल चंद्र बाउरी, कैलियाशौल प्रखंड सचिव स्वप्न गोराई, चिरकुंडा संयोजक श्रीकांत सिंह, कृष्णा सिंह, संतू चटर्जी, नागेंद्र कुमार, हरेंद्र सिंह, जगदीश शर्मा, मन्नू सिंह, बी.के. सिंह, प्रदीप सुमन, विनय सिंह, रोशन मिश्रा, अमरेश चक्रवर्ती, बीपीन मंडल, तारोपदो बाउरी, सोहन किस्कू, नमिता महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि क्षेत्र के विकास, स्थानीय रोजगार, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी जनआंदोलन को और मजबूत करेगी।













