Advertisement
झारखण्ड

धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

कतरास, झरिया और बाघमारा के मतदान केंद्रों का सीईओ के. रवि कुमार ने किया निरीक्षण, एसआईआर में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

धनबाद I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के कतरास, झरिया और बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसआईआर कार्य में खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं

श्री के. रवि कुमार ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता और पूरी जवाबदेही के साथ निर्वहन करना होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि जिन मतदान केंद्रों पर एसआईआर से संबंधित कार्यों में शिथिलता या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को भी निर्देश दिया कि एसआईआर कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही सामने आने पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पात्र नागरिकों का नाम छूटे नहीं

श्री के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर उपलब्ध अभिलेखों और मतदाता सूची से संबंधित तथ्यों की गंभीरता से जांच करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सत्यापन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

एक परिवार-एक मतदान केंद्र पर जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं में उन्हें आवश्यक सहयोग देने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि एक परिवार और घर के पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों। इसके लिए आवश्यक होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराया जाए।

उन्होंने पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा-पत्र भरने के लिए प्रेरित करने को कहा गया, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज किया जा सके।

वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी मतदाता के नाम, पते, उम्र या अन्य विवरण में विसंगति पाए जाने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाकर आवश्यक सुधार कराने का निर्देश दिया गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए निर्वाचन कर्मियों के साथ-साथ आम मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

https://www.unirco-college.in/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}