आसनसोल में 18वां राग रतन कीर्तन मुकाबला आयोजित, बच्चों ने दिखाई गुरबाणी की प्रतिभा
आसनसोल में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से 28 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, बच्चों और युवाओं में दिखा गुरबाणी कीर्तन के प्रति उत्साह

आसनसोल-नियामतपुर: I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : सिख धर्म के आठवें गुरु साहिब श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व को समर्पित तथा गुरुपुरवासी मास्टर राजिंदर सिंह जी और गुरुपुरवासी सरदार सुजान सिंह जी की मधुर स्मृति में 18वां राग रतन कीर्तन मुकाबला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 9 अगस्त को गुरुद्वारा साहिब, गोधूली, जी.टी. रोड, आसनसोल में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी आसनसोल के सहयोग से गुरु गोबिंद सिंह स्टडी सर्कल, पश्चिम बंगाल द्वारा किया गया।
इस कीर्तन मुकाबले में कोलकाता, बैंडल, हालीसहर, दुर्गापुर, रानीगंज, आसनसोल, चिन्नाकुड़ी, परबेलिया और धनबाद सहित विभिन्न स्थानों से कुल 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों के सुर, लय, ताल और गुरबाणी की शुद्धता का मूल्यांकन करने के लिए शब्द नाद अकादमी के उस्ताद भाई तनवीर सिंह जी, पटना साहिब से बीबी कुलवंत कौर जी तथा वितान म्यूजिक अकादमी की प्रिंसिपल तापती मित्रा जी ने निर्णायक मंडल के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
प्रतियोगिता के परिणाम
पहली श्रेणी
- प्रथम स्थान — इश्मीत सिंह, कोलकाता
- द्वितीय स्थान — रौनक सिंह, बैंडल
- तृतीय स्थान — रणवीत सिंह, रानीगंज
दूसरी श्रेणी
- प्रथम स्थान — हरसमर्थ सिंह, बैंडल
- द्वितीय स्थान — तेजवीर सिंह, धनबाद
- तृतीय स्थान — हरप्रीत कौर, चिन्नाकुड़ी
तीसरी श्रेणी
- संयुक्त प्रथम स्थान — अंतरजोत कौर, परबेलिया एवं हर्षदीप सिंह, दुर्गापुर
- संयुक्त द्वितीय स्थान — जगमोहन सिंह, हालीसहर एवं रॉबी सिंह, चिन्नाकुड़ी
- तृतीय स्थान — रवनीत कौर, बैंडल

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹2,100, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को ₹1,500 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को ₹1,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सरदार जसपाल सिंह जी, सरदार गुरदीप सिंह जी आसनसोल, सरदार गुरदीप सिंह जी रानीगंज, बीबा सिमरन कौर जी और बीबा हरलीन कौर जी ने किया।
विजेताओं के नामों की घोषणा के साथ निर्णायक मंडल के सदस्यों, सभी प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का धन्यवाद सरदार गुरविंदर सिंह जी ने किया।
इस अवसर पर गुरु गोबिंद सिंह स्टडी सर्कल, पश्चिम बंगाल के सरदार रमेश सिंह गंभीर, सरदार हरदीप सिंह, सरदार रविंदर सिंह, सरदार गुरमीत सिंह, सरदार जसवीर सिंह, बीबा प्रभजोत कौर, बीबी रविंदर कौर और वीर मनदीप सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं, आसनसोल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी सेवादारों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों और युवाओं में गुरबाणी कीर्तन के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को गुरबाणी, कीर्तन और सिख संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













