लोयोला स्कूल तालडांगा का शानदार प्रदर्शन, प्राचार्य बोले — अनुशासन और मेहनत ही सफलता की कुंजी
सरबजीत सिंह

धनबाद-तालडांगा:- लोयोला स्कूल तालडांगा ने एक बार फिर आईसीएसई एवं आईएससी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देकर पूरे जिले और राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्कूल के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य फादर जॉनी पी. दिवासीय ने संक्रांति मीडिया से बातचीत में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
उन्होंने कहा कि कई बार माता-पिता जितना बच्चों के भविष्य के बारे में नहीं सोचते, उससे कहीं अधिक विद्यालय प्रबंधन उनके विकास और सफलता को लेकर चिंतित रहता है। विद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारीगण लगातार इस दिशा में कार्य करते हैं कि लोयोला स्कूल का प्रत्येक विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त करे और समाज में अपनी अलग पहचान बनाए।
फादर जॉनी पी. दिवासीय ने बताया कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने और परीक्षा की बेहतर तैयारी के उद्देश्य से विद्यालय में दो प्री-बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था शुरू की गई। इस पहल का विद्यार्थियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और उनके अंदर आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित और प्रोत्साहित किया जाता रहा है ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि केवल पढ़ाई ही सफलता का आधार नहीं है, बल्कि अनुशासन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि विद्यार्थी अनुशासन में रहकर मेहनत करें तो वे किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं। यही कारण है कि लोयोला स्कूल तालडांगा आज केवल जिले में ही नहीं बल्कि पूरे राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगा।
विद्यालय के लिए सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धि यह रही कि आईएससी कॉमर्स संकाय में राज्य स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाला छात्र लोयोला स्कूल तालडांगा का ही छात्र प्रतीक कुमार अग्रवाल बना। प्रतीक झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत निरसा विधानसभा क्षेत्र के चिरकुंडा नगर परिषद के गांजागली निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इसके अलावा विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न संकायों में शानदार प्रदर्शन किया। विज्ञान संकाय में शुभम मुखर्जी तथा कला संकाय में तोमोजीत मुखर्जी ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं दसवीं कक्षा में शानदार अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों में मान्य सोनी, कृति अग्रवाल, स्मृति गौतम, आस्था कुमारी, हरप्रीत सिंह, अन्वेषा मुखर्जी, आयुष कुमार सिंह, अनिक कुमार चौरसिया और सौरभ गुप्ता प्रमुख रहे।
इन सभी विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया बल्कि अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र का सम्मान भी बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












