निरसा में शांति समिति की बैठक: ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, जाम समस्या पर उठी चिंता
सरबजीत सिंह

धनबाद-निरसा: आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को लेकर निरसा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन भाजपा नेता माधुरेंद्र गोस्वामी ने किया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत माणिक बाखला सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने निरसा चौक में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया कि जाम की स्थिति अब सिनेमा मोड़ और हटिया मोड़ तक फैल गई है, जिसके कारण कई लोगों की जान भी जा चुकी है। समिति ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
सभी सदस्यों ने ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के साथ मनाने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि निरसा थाना क्षेत्र में हमेशा से सभी समुदाय मिल-जुलकर त्योहार मनाते आए हैं और आगे भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ये सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं, जिन्हें शांतिपूर्ण माहौल में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। लोगों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन करने की भी हिदायत दी गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत माणिक बाखला ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
वहीं अंचल अधिकारी विक्रम आनंद ने क्षेत्रवासियों को ईद, सरहुल और रामनवमी की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी से मिलकर हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने की अपील की और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती, बीडीओ इंद्रलाल ओहदार, प्रखंड प्रमुख आशा कुमारी दास, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी मृणाल श्रीवास्तव, जिला परिषद सदस्य दीपाली रूहिदास समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












