Advertisement
जागरूकता-विकास

रेड डॉट चैलेंज से बढ़ रही जागरूकता, धनबाद में मासिक धर्म स्वच्छता अभियान तेज

सरबजीत सिंह

धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में मासिक धर्म स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एगारकुंड के गोपीनाथपुर, निरसा के खुसरी, टुंडी के मनियाडीह सहित अन्य क्षेत्रों में रेड डॉट चैलेंज और मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) सुदिप्ता बनर्जी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को माहवारी से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना है। स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों ने बताया कि माहवारी कोई बीमारी नहीं, बल्कि महिलाओं के शरीर में होने वाली एक सामान्य एवं प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है। इसके प्रति समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने की आवश्यकता है ताकि महिलाएं और किशोरियां बिना किसी झिझक के अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकें।

जागरूकता सत्र में मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी आदतों, संक्रमण से बचाव, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं और किशोरियों को यह भी बताया गया कि स्वच्छता की अनदेखी कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न सामाजिक मिथकों एवं अंधविश्वासों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में इस विषय पर खुलकर संवाद होना चाहिए ताकि महिलाओं और किशोरियों को सम्मानजनक एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

अभियान के तहत आयोजित रेड डॉट चैलेंज में सभी प्रतिभागियों ने मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान किशोरियों एवं महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया, ताकि स्वच्छ एवं सुरक्षित माहवारी प्रबंधन को बढ़ावा मिल सके।

स्थानीय मुखियाओं ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी लोगों से इस विषय पर खुले मन से चर्चा करने तथा जागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, जेएसएलपीएस से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा गांव की किशोरी लड़कियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

जेएसएलपीएस के अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3 जून तक रेड डॉट चैलेंज एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और किशोरियों तक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके।

यह अभियान न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि मासिक धर्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक सार्थक पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}