हरियाजाम कोलियरी बम हमले में घायल सुरक्षा गार्ड से मिले राकोमयू नेता, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
पांच महीने में तीन बार हमले का दावा, घायल आकाश रजक का सांक्तोरिया अस्पताल में जाना हाल; ECL सुरक्षा महाप्रबंधक से अतिरिक्त जवानों की तैनाती की मांग

निरसा-सांक्तोरिया। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : हरियाजाम कोलियरी में ड्यूटी के दौरान अपराधियों के बम हमले में घायल हुए सिक्योरिटी गार्ड ट्रेनी आकाश रजक का हालचाल जानने के लिए राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (राकोमयू) का प्रतिनिधिमंडल सांक्तोरिया अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष सह एगारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने किया।
अस्पताल में मुलाकात के दौरान आकाश रजक ने प्रतिनिधिमंडल को घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात के समय दो दर्जन से अधिक अपराधी चोरी की नीयत से कोलियरी परिसर में घुसे थे। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर बम से हमला कर दिया। इस हमले में उनके दाहिने पैर में चोट आई है और अब भी काफी जलन एवं दर्द बना हुआ है।
आकाश ने यह भी बताया कि पिछले पांच महीनों के भीतर उन पर तीन बार जानलेवा हमला हो चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण वह काफी भयभीत हैं।
इस पर शशि भूषण तिवारी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि यूनियन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनका इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. सोमेन से मुलाकात कर स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।
ECL सुरक्षा महाप्रबंधक से मिले, अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग
अस्पताल से निकलने के बाद राकोमयू प्रतिनिधिमंडल ने ECL के सुरक्षा महाप्रबंधक एस. तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान मुगमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा प्रहरियों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी कार्य परिस्थितियों पर गंभीर चर्चा हुई।
शशि भूषण तिवारी ने कोलियरी क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा प्रहरियों की जान-माल की रक्षा के लिए तत्काल होमगार्ड और अन्य सुरक्षा जवानों की तैनाती बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल में शशि भूषण तिवारी के साथ बिजेंद्र शर्मा, अजय कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, निताई चक्रवर्ती, शिव शंकर दास और मोकिम अंसारी सहित यूनियन के अन्य सदस्य मौजूद थे।













