लोहरदगा पुलिस ने हत्या की साजिश की नाकाम, अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार
नूतन कच्छप

लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रद्धा केरकेट्टा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 20 जुलाई 2026 को करीब 11:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की अल्टो कार में सवार तीन व्यक्ति अवैध हथियार के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन कर इलाके में घेराबंदी की गई। दोपहर लगभग 12 बजे सोबरनटोली के पास संदिग्ध अल्टो कार दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति कूदकर संकरी गलियों की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।
इस दौरान कार चालक ने भी वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की तत्परता से कार को घेरकर रोक लिया गया। जांच में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH-07B-7575 पाया गया।
कार में मौजूद दो लोगों की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहू (30 वर्ष), निवासी बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई। फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में की गई।
तलाशी के दौरान अजय साहू की कमर से एक 7.65 एमएम की देशी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद कारतूसों में तीन 7.65 एमएम तथा एक 7.62 एमएम का था।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे। हालांकि, पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उनकी योजना को विफल कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजय साहू और फरार आरोपी संजय लोहरा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। अजय साहू के खिलाफ अपहरण, लूट, चोरी, दुष्कर्म समेत विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं, जबकि संजय लोहरा पर लूट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व लोहरदगा थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने किया। अभियान में थाना के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की विशेष टीम शामिल रही, जिनकी सतर्कता से संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया।












