कल्याणेश्वरी मेगा प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने की मांग, कुल्टी विधायक ने बीसीसीएल जीएम संग की अहम बैठक
सरबजीत सिंह

आसनसोल-कुल्टी : कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं विस्थापितों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को बेगुनिया स्थित बीसीसीएल चांच-विक्टोरिया क्षेत्र कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने बीसीसीएल चांच-विक्टोरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह के साथ विभिन्न जनहित एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी “कल्याणेश्वरी मेगा प्रोजेक्ट” को शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाले लगभग 25 वर्षों तक देश को कोयले की आपूर्ति करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। विधायक ने परियोजना के जल्द क्रियान्वयन के साथ-साथ प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को बीसीसीएल में नियोजन देने तथा स्थानीय युवाओं को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
डॉ. पोद्दार ने विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यस्थल पर विशेष कैंप आयोजित करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्थापित परिवारों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाना चाहिए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इस प्रस्ताव पर महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह ने सहमति जताई और आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
बैठक में महाप्रबंधक ने विधायक को परियोजना विस्तार में आ रही प्रशासनिक बाधाओं और विभिन्न तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर विधायक डॉ. पोद्दार ने तत्काल आसनसोल के जिलाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर बीसीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर समस्याओं के समाधान का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, विस्थापितों के हित और मजदूरों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए परियोजना को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
विधायक ने बीसीसीएल प्रबंधन से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत क्षेत्र में विभिन्न जनहितकारी कार्य कराने की भी मांग की। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर हाई मास्ट लाइट, सोलर लाइट, स्कूल भवन निर्माण, अस्पताल की चारदीवारी तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा 166 स्ट्रीट लाइट का वितरण विधायक डॉ. अजय पोद्दार के हाथों कराया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने पर बल दिया गया।
बैठक में महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह के साथ प्रोजेक्ट ऑफिसर धर्मेंद्र तिवारी, प्रद्युम्न शाह मौजूद थे। वहीं विधायक डॉ. अजय पोद्दार के साथ दीपक झा, सोनू चौरसिया, राजू यादव, अजीत ताती, अजीत बाउरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और विस्थापितों के हितों को प्राथमिकता देने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे स्थानीय लोगों में परियोजना को लेकर नई उम्मीद जगी है।













