Advertisement
राजनीति

जनसमस्याओं को लेकर निरसा प्रखंड कांग्रेस का धरना आज, प्रशासन को सौंपा 12 सूत्री मांग पत्र

सरबजीत सिंह

निरसा-धनबाद : क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर निरसा प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निरसा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से अंचल अधिकारी, निरसा विक्रम आनन्द को एक मांग पत्र सौंपते हुए 18 मई को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार राय के हस्ताक्षरयुक्त पत्र में क्षेत्र की जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया है। कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेयजल संकट और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान है, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हो रही है।

मांग पत्र में कहा गया है कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण लगाया जाए तथा भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाए। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बेरोजगारी की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी योजना बनाने की मांग की गई है।

कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र में पेयजल संकट को भी प्रमुख मुद्दा बताया है। मांग पत्र में कहा गया है कि ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजल की भारी समस्या है और कई स्थानों पर लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कांग्रेस ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। मांग पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा नियमित मेडिकल कैंप लगाने की मांग की गई है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि घाघरा पंचायत अंतर्गत ग्राम गाम्भीला स्थित प्राथमिक विद्यालय में चापाकल खराब है तथा विद्यालय में शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस ने इन समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की है ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

इसके अलावा बेनागड़िया हाई स्कूल से पांडेडीह बस्ती तक नाली निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से लोगों को भारी परेशानी होती है।

मांग पत्र में एमपीएल फाउंडेशन द्वारा 10 किलोमीटर के दायरे में नियमित मेडिकल कैंप आयोजित कराने की भी मांग की गई है ताकि ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

वहीं बैजना पंचायत अंतर्गत सिंदरी मोड़ से लेकर धकोड़ीह होते हुए बासुदेवपुर एवं बैजना क्षेत्र तक पाइप लाइन के माध्यम से हर घर नल जल योजना पहुंचाने की मांग भी की गई है। कांग्रेस कमेटी ने कहा कि कई गांवों में अब तक लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।

जल जीवन मिशन के तहत अधूरे एवं आगामी कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग करते हुए कांग्रेस ने कहा कि कई पंचायतों में योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

इसके साथ ही पत्र में NEET परीक्षा पेपर लीक मामले का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इस मामले से लाखों छात्रों एवं अभिभावकों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार राय ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रशासन से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

धरना प्रदर्शन को लेकर क्षेत्रीय राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

अब लोगों की नजर प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है कि मांग पत्र में उठाए गए मुद्दों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

इस कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के धनबाद जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, कांग्रेस निरसा विधानसभा प्रभारी महेंद्र दुबे, निरसा प्रखण्ड प्रभारी कांग्रेस टिंकू अंसारी के साथ साथ अर्जुन भुईयां, बबलू दास, सुदामा भंडारी, मोहम्मद अम्मीरुलाह, कांग्रेस चिरकुंडा नगर अध्यक्ष शशि नाथ तिवारी, कांग्रेस एगारकुंड प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण तिवारी के साथ साथ कांग्रेस पार्टी के गण्यमान लोग उपस्थित थे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}