ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: धनबाद में ‘गरिमा गृह’ का शुभारंभ
सरबजीत सिंह

धनबाद: ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की स्माइल (SMILE) योजना के तहत संचालित गरिमा गृह का उद्घाटन धनबाद में किया गया। यह पहल उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप की उपस्थिति में संपन्न हुई। गरिमा गृह का संचालन सामाजिक संस्था मंथन द्वारा किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा और विभिन्न चुनौतियों का सामना करता रहा है। ऐसे में गरिमा गृह उनके लिए सुरक्षित आश्रय, सामाजिक सुरक्षा और विकास के नए अवसरों का केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि गरिमा गृह के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सुरक्षित आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, कानूनी सहायता, मानसिक परामर्श, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा रोजगार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए सरकार, प्रशासन और सामाजिक संगठनों का समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक है। गरिमा गृह इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है, जो समाज में समानता और समावेशिता को मजबूत करने का कार्य करेगा।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने गरिमा गृह का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को नई पहचान और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मंथन संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि गरिमा गृह केवल एक आश्रय स्थल नहीं बल्कि ट्रांसजेंडर समुदाय के समग्र विकास का केंद्र होगा। यहां नियमित रूप से कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, स्वरोजगार प्रशिक्षण और सामाजिक पुनर्वास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समुदाय के सदस्य आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में मौजूद ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनके लिए नई उम्मीद और आत्मविश्वास लेकर आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गरिमा गृह उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की सदस्य ममता अरोड़ा, चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर आनंद कुमार, ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की श्वेता किन्नर, मंथन संस्था के सचिव बिपलब महतो, कोषाध्यक्ष द्विज पद महतो, प्रबंधक धनंजय कुमार, पंकज कुमार, शक्ति कुमार, नीलकमल महतो, सूरज कुमार, रणजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
गरिमा गृह की शुरुआत को ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होगी।













