Advertisement
जागरूकता-विकास

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग,

सरबजीत सिंह

धनबाद-निरसा: सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने निरसा के प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विक्रम आनंद को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि धनबाद उपायुक्त, अपर समाहर्ता तथा एग्यारकुंड प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को भी प्रेषित की गई है।

इस संबंध में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने बताया कि वर्तमान में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान योजना के लाभार्थियों के समक्ष कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे पात्र किशोरियों को योजना का लाभ मिलने में कठिनाई हो रही है।

उन्होंने बताया कि पहली प्रमुख समस्या पात्रता निर्धारण के लिए मतदाता सूची को अनिवार्य आधार बनाए जाने से जुड़ी है। कई ऐसी योग्य किशोरियां हैं जिनकी आयु एवं अन्य पात्रताएं पूर्ण हैं, लेकिन विभिन्न तकनीकी कारणों से उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप वे योजना के लाभ से वंचित होने की स्थिति में हैं।

दूसरी महत्वपूर्ण समस्या ऑनलाइन पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी खामियों से संबंधित है। सर्वर की धीमी गति अथवा तकनीकी खराबी के कारण आवश्यक दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनेक पात्र छात्राओं के आवेदन लंबित हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की कि योजना के लाभार्थियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं के माध्यम से जमीनी स्तर पर भौतिक सत्यापन कराया जाए। सत्यापन के आधार पर योग्य किशोरियों के आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि तकनीकी बाधाओं के कारण कोई भी बेटी शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

शशि भूषण तिवारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाना है। ऐसे में प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि तकनीकी समस्याओं के कारण पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन सौंपने के दौरान धनबाद जिला कांग्रेस सचिव अर्जुन भुइयां, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नुकुल मोदी, देव नारायण तांती, गौरी कुमार चैता, मनोज भुइया, श्याम सुंदर भारती, देवी लाल भुइंया, रवि भुइंया, सत्येन्द्र कुमार, मनोज रजक, रूस्तम पासवान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करते हुए योजना के लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}