Advertisement
मेडिकल स्टोर

धनबाद में NH-19 के किनारे 17 होटलों की जांच, मिलावटी और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बरामद

धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिलावटी हल्दी समेत एक्सपायर्ड दूध, मिठाई और मसाले मिले; सात प्रतिष्ठानों को नोटिस

धनबाद। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) के किनारे स्थित 17 होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी (MFTL) की टीम के सहयोग से चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए।

निरीक्षण के दौरान टीम को 15 किलोग्राम मिलावटी हल्दी पाउडर, 5 किलोग्राम एक्सपायर्ड हल्दी पाउडर, 6 किलोग्राम बेसन के लड्डू और 2 किलोग्राम एक्सपायर्ड दूध मिला। इसके अलावा लस्सी और एक्सपायर्ड मसाले भी पाए गए। कुछ प्रतिष्ठान वैध खाद्य लाइसेंस के बिना संचालित होते मिले। वहीं, कई जगह खाद्य पदार्थों के रखरखाव, प्रबंधन और तैयार करने की प्रक्रिया में साफ-सफाई की कमी पाई गई।

सात प्रतिष्ठानों को नोटिस

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। इनमें बालाजी कृपा राजस्थानी होटल, सिंहजी चाय दुकान, परिधि होटल एंड रेस्टोरेंट, राधिका लाइन होटल, झारखंड लाइन होटल एंड ढाबा, स्वीट पैलेस और मेथन ढाबा शामिल हैं।

निरीक्षण दल का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार ने किया। टीम में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार शॉ, जैस्मीन केरकेट्टा, नैना नायक और चंद्रदेव देव भी शामिल थे।

खाद्य कारोबार संचालकों को प्रशिक्षण की सलाह

कार्रवाई के साथ खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन (FoSTaC) कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। इसका उद्देश्य खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन और खाद्य पदार्थ तैयार करने के निर्धारित मानकों के प्रति जागरूक करना है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबार संचालकों से निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। विभाग के अनुसार, इस तरह के निरीक्षण का उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना और बाजार में सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}