
हजारीबाग, अलगडीहा (झारखंड):-राम नवमी के पावन अवसर पर भारतीय सामाजिक आय और शिकायत सहायता ट्रस्ट Indian Socio Income and Grievance Helping Trust – INSIGHT संस्था द्वारा हजारीबाग जिले के अलगडीहा क्षेत्र में एक विशेष जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जूलूस में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को शीतल शरबत पिलाया गया, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिली और पर्व का आनंद और भी बढ़ गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के सचिव श्री सुभाष सिंह ने किया। उनके साथ संस्था के प्रमुख सलाहकार — दुलारी देवी, प्रमुख सदस्य धर्मेंद्र सिंह, रोहित यादव, विजय यादव और अन्य भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और लोगों की सेवा में लगे रहे।
इस अवसर पर सुभाष सिंह ने कहा,
“राम नवमी जैसे पावन पर्व पर जनसेवा का यह प्रयास हमारा नैतिक कर्तव्य है। गर्मी में जूलूस में आए श्रद्धालुओं को ठंडा शरबत पिलाकर न केवल राहत दी जा रही है, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सेवा का संदेश भी दिया जा रहा है। INSIGHT संस्था हमेशा समाज के हित में कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी।”
शिविर में संस्था के स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक शरबत वितरित किया और यह संदेश दिया कि सेवा ही सच्चा धर्म है। स्थानीय लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए INSIGHT संस्था को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन की उम्मीद जताई।
INSIGHT संस्था लंबे समय से समाज के गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लिए कार्य कर रही है। इस प्रकार के आयोजनों से संस्था समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है।कार्यक्रम का समापन जय श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ और यह दिन सेवा, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया।