Advertisement
झारखण्ड

धनबाद नगर निकाय चुनाव 2026 में 1019 मतदान केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा

संपादकीय

धनबाद जिले में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 1019 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

6 सुपर जोन और 15 जोन में बांटा गया क्षेत्र

धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र को 6 सुपर जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सुपर जोन में एक डीएसपी के नेतृत्व में 25 पुलिस पदाधिकारी राइट कंट्रोल गियर और वॉटर कैनन के साथ तैनात रहेंगे।

इसके अलावा पूरे जिले को 15 जोन में बांटा गया है। हर जोन में एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 10 पुलिस पदाधिकारी मतदान शुरू होने से लेकर चुनाव सामग्री के रिसीविंग सेंटर पहुंचने तक लगातार गश्त करेंगे।

अति संवेदनशील बूथों पर चार, संवेदनशील बूथों पर तीन और सामान्य बूथों पर दो पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे।

मतदाताओं और प्रत्याशियों की स्थिति

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद नगर निगम में 8,99,841 और चिरकुंडा नगर परिषद में 36,976 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

धनबाद नगर निगम में महापौर पद के लिए 29 प्रत्याशी और 55 वार्ड पार्षद पद के लिए 447 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 13 और 21 वार्ड पार्षद पद के लिए 83 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 572 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

मतदान और सामग्री डिस्पैच

22 फरवरी 2026 को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से चुनाव सामग्री विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए रवाना की जाएगी। 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे तक लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को टोकन देकर मतदान का अवसर दिया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 6000 से अधिक मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। लगभग 350 बड़े और 300 छोटे वाहनों का उपयोग किया जाएगा।

चुनाव में 228 माइक्रो ऑब्जर्वर और 65 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निगरानी में रहेंगे। झरिया में 128, धनबाद में 18 और 23 रिजर्व माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।

बैलेट पेपर से होगा मतदान

इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराया जा रहा है। धनबाद नगर निगम के मेयर और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी बैलेट पेपर, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद बैलेट पेपर का उपयोग किया जाएगा।

मतदाताओं से अपील की गई है कि वे संबंधित प्रत्याशी के सामने बने कॉलम में स्पष्ट रूप से मुहर लगाएं, फिर मतपत्र को निर्देशानुसार फोल्ड कर मतपेटी में डालें, ताकि वोट अमान्य न हो।

सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि मतदान के दिन बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। चिरकुंडा, झरिया, धनबाद और कतरास क्षेत्र में चार क्विक रिस्पांस टीमें वॉटर कैनन के साथ तैनात रहेंगी।

जिले में 4000 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं ताकि चुनाव सामग्री का सुरक्षित और त्वरित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी सक्रिय है और किसी भी भ्रामक या भड़काऊ सामग्री पर नजर रखी जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा कतरास, झरिया और चिरकुंडा में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। आम नागरिक 0326-2311860 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं।

ड्राई डे और जब्ती कार्रवाई

24 फरवरी 2026 की सुबह 7 बजे तक पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है। आचार संहिता लागू होने के बाद उत्पाद विभाग ने 1241.40 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,11,415 रुपये है। आचार संहिता उल्लंघन के 42 मामलों में कार्रवाई की गई है।

पहचान पत्र से ही मिलेगा मतदान का अधिकार

मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर आईडी, फोटोयुक्त मतदाता पर्ची, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का फोटो पहचान पत्र, बैंक या डाकघर पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एनपीआर, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड या फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज के आधार पर मतदान कर सकेंगे।

प्रशासन ने सभी मतदाताओं, विशेषकर प्रथम बार वोट देने वाले और युवा मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}